अवैध अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, अस्पताल सील, संचालिका फरार

बिल्थरारोड।
जनपद में अवैध रूप से संचालित प्राइवेट अस्पतालों पर कार्रवाई के दावों के बीच लापरवाही और मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ढीली कार्रवाई के चलते ऐसे अस्पताल बेखौफ संचालित हो रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।
ताजा मामला उभांव थाना क्षेत्र के करनी गांव का है, जहां अवैध रूप से चल रहे एक महिला अस्पताल में अप्रशिक्षित चिकित्सक द्वारा ऑपरेशन किए जाने के दौरान प्रसूता और उसके नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित लोगों ने अस्पताल पर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार नगरा थाना क्षेत्र के इन्द्रौली मलकौली निवासी पूनम (30) पत्नी सोनू को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार रात परिजन करनी स्थित स्वास्तिक अस्पताल ले गए। वहां मौजूद संचालिका, खुद को डॉक्टर बताने वाली पूनम भारती ने बच्चे की स्थिति गंभीर बताते हुए तत्काल ऑपरेशन की बात कही और बिना पर्याप्त सुविधा के ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के दौरान ही जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि हालत बिगड़ने पर अस्पताल पक्ष ने मऊ रेफर करने की बात कही, लेकिन वे लोग मरीज को सीएचसी सीयर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन आक्रोशित होकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक संचालिका अस्पताल में ताला बंद कर फरार हो चुकी थी।
सूचना पर उभांव इंस्पेक्टर संजय शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह परिजनों को शांत कराया। वहीं सीएमओ के निर्देश पर एसडीएम शरद चौधरी, सीएचसी नगरा अधीक्षक डॉ. राहुल सिंह और उपनिरीक्षक देवी प्रसाद की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि मृतका का यह पहला प्रसव था। इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
उभांव इंस्पेक्टर संजय शुक्ला ने बताया कि मृतका के पति सोनू की तहरीर पर अस्पताल संचालिका पूनम भारती के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
