बिल्थरा रोड में नए सभासदों ने ली शपथ, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

बिल्थरा रोड नगर पंचायत में सोमवार शाम आयोजित समारोह में तीन मनोनीत सभासदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने नगर पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नव-नियुक्त सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सभी सभासदों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश कुमार गुप्ता, अधिशासी अधिकारी मनोज पाण्डेय सहित विभिन्न वार्डों के सभासद निलेश दीपू, राम मनोहर गांधी, दानिश आफताब, परवेज हाफिज उर्फ गुड्डू, असलम गुड्डू, भाजपा नेता अरुण तिवारी, सतीश गुप्ता व अन्य गणमान्य लोग एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना बताया गया, जिससे निर्णय प्रक्रिया में विविधता आए और योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने कहा कि नए सदस्यों का अनुभव और सहभागिता नगर पंचायत बोर्ड को मजबूत करेगी तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी।
स्थानीय स्तर पर यह भी माना जा रहा है कि इन मनोनयनों के जरिए सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने का प्रयास किया गया है। नए सदस्यों के शामिल होने से नगर पंचायत की कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
नगर की प्रमुख समस्याओं जैसे साफ-सफाई, फॉगिंग, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी के समाधान में अब तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि शासन द्वारा अमित जायसवाल (पूर्व मंडल उपाध्यक्ष, भाजपा), सुशीला भारती और सीमा राजभर को नगर पंचायत का मनोनीत सभासद बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *