तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग समेत चार नाबालिग घायल, हालत गंभीर!
बलिया, बिल्थरारोड:
बिल्थरा रोड–सोनाडीह मार्ग पर गौरी गांव के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार चार नाबालिग लड़कों ने सड़क किनारे जा रहे साइकिल सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग समेत सभी चारों नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें बुजुर्ग की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ही बाइक पर सवार चार दोस्त— गुलशन कुमार (15), समीर (14), चन्दन कुमार (13) व एक अन्य किशोर, सभी निवासी चन्द्रौल (सोनाडीह), बेल्थरारोड की ओर तेज गति से जा रहे थे। गौरी गांव के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे साइकिल सवार रघुनाथ (70) निवासी गौरी ताल घोसा को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। साइकिल सवार बुजुर्ग को सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं बाइक चला रहे गुलशन कुमार को भी सिर में गंभीर चोट के चलते जिला अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार में बाइक चलाना हादसे का मुख्य कारण है।

