बिल्थरा रोड में खत्म हुआ गैस संकट, प्रशासन की मुस्तैदी से आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर!

मौके पर आपूर्ति निरीक्षक

बिल्थरा रोड (बलिया)।
कस्बे में पिछले कुछ दिनों से बनी एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत अब समाप्त हो गई है। प्रशासन की सक्रियता और लगातार हो रही आपूर्ति के चलते शुक्रवार को गैस गोदामों पर उपभोक्ताओं की भीड़ काफी कम दिखाई दी और वितरण व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होती रही।
जानकारी के अनुसार बीते लगभग पांच दिनों से रसोई गैस की कमी को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही थी और गैस गोदामों पर लंबी कतारें लग रही थीं। स्थिति को देखते हुए उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने गुरुवार को गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एजेंसियों पर 500-500 सिलेंडरों की दो खेप भी पहुंची, जिनका नियमानुसार वितरण कराया गया। वहीं आपूर्ति निरीक्षक विजय राय भी बुधवार से गैस गोदामों पर मौजूद रहकर वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में लगे रहे।
प्रशासन की इस पहल का असर शुक्रवार को साफ देखने को मिला। गोदामों पर भीड़ कम रही और उपभोक्ताओं को आसानी से गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सका। ओम गैस एजेंसी के गोदाम पर मौजूद आपूर्ति निरीक्षक विजय राय ने बताया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और वितरण के बाद भी एजेंसी के पास लगभग 200 सिलेंडर उपलब्ध हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार को 294 गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी भी कराई गई, जिससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि आगे भी गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *