शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बेटी की डोली से पहले पिता की उठी अर्थी 9 मार्च को आनी थी बारात, घर में चल रही थी हल्दी की तैयारी !


बिल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3 में एक हृदय विदारक घटना ने शादी की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। जिस घर में 9 मार्च को बेटी की बारात आने वाली थी, उसी घर से शनिवार की शाम पिता की अर्थी उठ गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे मोहल्ले और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 3 निवासी राजेंद्र जायसवाल शनिवार को घर के बाथरूम में अचानक गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि घर में इन दिनों शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। राजेंद्र जायसवाल की बेटी की शादी 9 मार्च को तय थी और पूरे घर में खुशी का माहौल था। शनिवार को हल्दी की रस्म की तैयारी चल रही थी, मंडप भी सज चुका था और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था।
पिता राजेंद्र जायसवाल भी अपनी बेटी की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे और पूरे मन से तैयारियों में जुटे थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जिस आंगन से बेटी की डोली उठनी थी, वहां अचानक मातम छा गया और उसी घर से पिता की अर्थी उठ गई।
