बिल्थरारोड में हर्ष फायरिंग ! के दौरान किशोर घायल मुकदमा दर्ज

उभांव थाना क्षेत्र के मझौंवा गांव में पूर्व मंत्री व घोषी लोकसभा के पूर्व सांसद के दामाद के घर आई बारात में नाच के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में बारात में शामिल एक 15 वर्षीय किशोर के पेट में गोली लग गई। गोली लगते ही वहां अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में किशोर को सीएचसी सीयर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना को लेकर गांव में खामोशी छाई है। पुलिस ने इस मामले में घायल के पिता की तहरीर पर एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि उभांव थाना क्षेत्र के मझौंवा गांव में शुक्रवार को धर्मेन्द्र राजभर की पुत्री की शादी थी। धर्मेंद्र भाजपा के पूर्व मंत्री व सांसद हरिनारायण राजभर के दामाद बताए जाते हैं। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हर्दिया गांव से रात में बारात आने पर उसका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान घर से कुछ दूरी पश्चिम दिशा में लगे टेंट में बारातियों के मनोरंजन के लिए नर्तकियों द्वारा नाच का प्रबंध किया गया था। देर रात से शुरू हुआ नृत्य संगीत का कार्यक्रम शनिवार की सुबह 4 बजे जब शबाब पर था तभी एक युवक द्वारा हर्ष फायरिंग कर दी गई। बताया जाता है कि उक्त गोली दुल्हे की तरफ से बारात में आए गोलू (15 वर्ष) पुत्र विजयनाथ राजभर के पेट में जा लगी। किशोर को गोली लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन फानन में उसे अस्पताल सीएचसी सीयर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। इस सम्बन्ध में उभांव एसएचओ अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में घायल के पिता विजयनाथ राजभर की तहरीर पर एक अज्ञात के खिलाफ भादवि की धारा 336 व 338 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर घायल किशोर को परिजनों द्वारा बीएचयू वाराणसी ले जाया गया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
