लगन के मौसम में भी नहीं बढ़ी रौनक: बेल्थरा रोड के दुकानदारों की चिंता बढ़ी
बेल्थरारोड, बलिया – अप्रैल का महीना और हिंदू पंचांग के अनुसार शुभ विवाह मुहूर्तों का दौर शुरू हो चुका है। हर साल इस समय बेल्थरा रोड बाजार में रौनक देखने को मिलती थी, लेकिन इस बार हालात कुछ अलग हैं। दुकानदारों की मानें तो लगन शुरू होने के बावजूद भी बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी कम है।

कपड़े, जूते, गहने और सजावटी सामान की दुकानों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने वाले व्यापारी भी मंदी की मार झेल रहे हैं।
स्थानीय कपड़ा दुकानदार आफताब अहमद का कहना है, “हर साल लगन के दौरान हमारी बिक्री दोगुनी हो जाती थी, लेकिन इस बार तो ग्राहक केवल पूछताछ कर रहे हैं, खरीदारी नहीं हो रही।”
इलेक्ट्रॉनिक दुकान चलाने वाले आलोक गुप्ता कहते हैं, “टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन जैसे सामानों की मांग हर साल शादी-ब्याह के सीजन में काफी बढ़ जाती थी, लेकिन इस बार लोग सिर्फ दाम पूछ कर चले जा रहे हैं। शायद आर्थिक तंगी के कारण लोग खरीदने से कतरा रहे हैं।”
गहनों की दुकान के मालिक शुभम वर्मा बताते हैं, “लोग बजट में ही शादी की तैयारी कर रहे हैं। पहले जहां सोने-चांदी की खरीदारी होती थी, अब उसकी जगह आर्टिफिशियल ज्वेलरी ने ले ली है।”
दुकानदारों का मानना है कि महंगाई, बेरोजगारी और बदली हुई प्राथमिकताओं के चलते ग्राहक बहुत सोच-समझकर खर्च कर रहे हैं। ऐसे में बाजार की रौनक फीकी पड़ गई है।
स्थानीय व्यापारियों ने नगर पंचायत प्रशासन से अपील की है कि वह बाजार को प्रोत्साहन देने के लिए कुछ पहल करे, जिससे व्यापारियों को राहत मिल सके और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सहारा मिले।
