जीएसटी टीम के छापे के दौरान नगर के दुकानदारों में हड़कंप मच गया, दुकानों के सटर धड़ाधड़ बन्द हो गए

बिल्थरारोड। जीएसटी की टीम ने शनिवार सांय कई दुकानों का निरीक्षण कर उनके कागजात खंगाले। असिस्टेंट कमिश्नर रविन्द्र कुमार व रामकुमार यादव की अगुवाई में नगर पहुंची जीएसटी टीम की खबर फैलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया।इस दौरान नगर की दुकानों के सटर धड़ाधड़ बंद हो गए। जांच के दौरान नगर के दुकानदारों में अफरातफरी की स्थिति रही।शनिवार को जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर रविन्द्र कुमार व रामकुमार यादव अपनी टीम के साथ बेल्थरारोड नगर पहुंचे। उन्होंने इस दौरान कई दुकानों के स्टाक रजिस्टर के अलावा अन्य दस्तावेजों की विधिवत जांच की। अधिकारियों के नगर में आने की खबर फैलते ही दुकानदारों में दहशत फ़ैल गई तथा वह धड़ाधड़ अपनी दुकानों के शटर गिराने लगे। दुकानदारों में इस प्रकार के भय को देखते हुए जब जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर रविन्द्र कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि इस समय यह एक अभियान चल रहा है। इसके तहत कुछ लोगों के नाम आए हैं जिसकी जांच की जा रही है। कहा कि व्यापारियों को हमसे भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। लोगों से अपील की कि जो दुकानदार जीएसटी के दायरे में आते हों वह अपना रजिस्ट्रेशन कार्यालय से पंजीयन करा लें तथा समय समय पर रिटर्न भरते रहे। कहा कि हमारा उद्देश्य राजस्व व सरकार की आय बढ़ाना है, और यही मुख्यमंत्री जी का भी संदेश है। कहा कि जीएसटी के सम्बन्ध में व्यापारियों से समय समय पर मिलकर जागरूकता अभियान चलाया जाता है ताकि वह इस प्रक्रिया को आसानी फालो कर सकें। चेकिंग अभियान में जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर द्वय के अलावा राज्य कर अधिकारी सुरेश प्रसाद व अमरजीत अन्य कर्मचारी सहित चौकी इंचार्ज मदन पटेल, एसआई चंद्रशेखर यादव दलबल के साथ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *