इंदौली पुल के पास नहर में मिला लापता युवक का शव, दोस्तों से पूछताछ; जांच में जुटी पुलिस


बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के इंदौली पुल के पास नहर में गुरुवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के लिलहवा धर्मपुर गांव निवासी रणजीत कुमार पुत्र राम विलास के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रणजीत 18 सितंबर से लापता था। उसके घर नहीं लौटने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी थी।
बताया जा रहा है कि रणजीत अपनी बाइक की मरम्मत कराने के लिए मैकेनिक के संपर्क में था। परिजनों के मुताबिक बाइक की मरम्मत का करीब 22 हजार रुपये खर्च आया था और इसी सिलसिले में वह दोस्तों के साथ घर से निकला था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रणजीत को उसके दोस्तों के साथ बेल्थरारोड की ओर जाते देखा गया था। बाद में इंदौली क्षेत्र में नहर के पास उसके नहर में गिरने की बात सामने आई। हालांकि रणजीत की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
हत्या की चर्चा भी, पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों की ओर से हत्या कर शव नहर में फेंके जाने की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक वास्तव में नहर में स्वयं गिरा था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है।
उभांव पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान चलाया। शव को कब्जे में लेकर मधुबन पुलिस को सौंप दिया गया है। मधुबन थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही रणजीत की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मृतक के साथ रहे दोस्तों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *