बिल्थरारोड: नकाबपोश हमलावरों ने दुकानदार पर किया जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल
बिल्थरारोड (उभांव)। स्थानीय नगर के वार्ड संख्या 6 निवासी एक दुकानदार पर शुक्रवार की रात नकाबपोश युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना करीब साढ़े आठ बजे की है, जब पीड़ित अपनी दुकान पर मौजूद था। घायल दुकानदार द्वारा इस संबंध में उभांव थाने में लिखित तहरीर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 6 निवासी राहुल गुप्ता (28), पुत्र दिनेश गुप्ता की सब्जी मंडी में सब्जी की दुकान है। शुक्रवार की शाम आए तेज आंधी-तूफान के दौरान वह अपनी दुकान पर रखे सामान को ढकने गया था। तभी अचानक चार से पांच की संख्या में मुंह ढंके युवक वहां पहुंचे और बिना किसी कारण धारदार हथियार से राहुल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान हालत में गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, घायल राहुल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य कोई कारण है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। क्षेत्र में इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।


