ईमानदारी की मिसाल: सभासद राम मनोहर गांधी ने लौटाए सड़क पर मिले 20 हज़ार रुपये”

बिल्थरारोड /नगर पंचायत बिल्थरारोड के वार्ड नंबर 6 के सभासद राम मनोहर गांधी ने एक बेहतरीन ईमानदारी की मिसाल पेश की है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम वे रेलवे स्टेशन चौराहे से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में जब वे स्वर्गीय श्रीनिवास चाय वाले की दुकान के पास पहुँचे, तो उन्हें सड़क पर कुछ गिरा हुआ दिखाई दिया।
जैसे ही उन्होंने पास जाकर देखा, वह कोई छोटा-मोटा सामान नहीं बल्कि बीस हज़ार रुपए नकद थे। बिना कोई देर किए, सभासद राम मनोहर गांधी ने इस पैसे की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुँचाई और इसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू कर दी। दूसरे दिन पैसे के असली हकदार मोहन प्रसाद गुप्त, जो वहीं के एक सूर्ती विक्रेता हैं, सामने आए और पूरी पुष्टि के बाद राम मनोहर गांधी ने ईमानदारी के साथ वो 20 हज़ार रुपये उन्हें लौटा दिए।
इस नेक कार्य की स्थानीय जनता के बीच खूब सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि जब नेता अपने आचरण से आदर्श प्रस्तुत करें, तभी समाज में भरोसा और सद्भाव बना रह सकता है। जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत बने राम मनोहर गांधी, जिनकी ईमानदारी ने एक बार फिर साबित किया कि इंसानियत और सच्चाई अभी जिंदा है।
