उभांव थाने के 2 सिपाही एक्सीडेंट में घायल एक रेफर !

घायल सिपाही के उपचार करते डॉक्टर

जनपद मुख्यालय से ड्यूटी कर उभांव थाना लौट रहे दो पुलिसकर्मी मालदा चट्टी के समीप उस समय गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए जब एक कुत्ता अचानक उनके वाहन के सामने आ गया। उनके घायल होने की सूचना मिलते ही उभांव थाने के सिपाही घटना स्थल पहुंच गए तथा उन्हें इलाज के लिए सीएचसी सीयर ले आए। सीएचसी सीयर में प्राथमिक इलाज के बाद एक पुलिसकर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि उभांव थाने पर तैनात पुलिसकर्मी कमलेश कुमार (32) व प्रदीप कुमार यादव (42) की रविवार को ड्यूटी जनपद मुख्यालय पर 112 पीआरवी 2 बाइक यूपी 32 डीजी 4242 पर लगी हुई थी। ड्यूटी के पश्चात देर रात दोनो पुलिसकर्मी उक्त वाहन से उभांव के लिए रवाना हुए। वापसी के दौरान ज्योंही वह सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के मालदा चट्टी के पास पहुंचे कि अचानक एक कुत्ता उनके बाइक के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में बाइक असंतुलित होकर पलट गई। जिसमें बाइक चला रहे कमलेश कुमार (36) व पीछे बैठे प्रदीप कुमार यादव (42) नीचे गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। सिपाहियों के घायल होने की सूचना मिलते ही उभांव थाना से दो पुलिसकर्मी अखिलेश यादव व सौदागर यादव घटना स्थल पहुंच गए तथा घायल पुलिसकर्मियों को आनन फानन में सीएचसी सीयर ले आए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद कमलेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान घटना की जानकारी के बाद उभांव एसएचओ अविनाश कुमार सिंह व अन्य पुलिसकर्मी अस्पताल पर पहुंच घायलों का हाल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *