ससुराल में पत्नी से विवाद में पति ने गले पर चलाया ब्लेड! रेफर

बिल्थरारोड (बलिया) उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में गुरुवार की शाम ससुराल में पत्नी से विवाद होने के बाद पति ने ब्लेड से अपना गला काट दिया। गला कटने से वह लहूलुहान हो तड़पने लगा। आनन- फानन में ससुराली जनों ने उसे समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर अवस्था के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि बिहार के आरा जनपद निवासी 30 वर्षीय रंजन खरवार की ससुराल सोनाडीह में है। रंजन की शादी सोनाडीह निवासी जयप्रकाश की पुत्री से हुआ है। गुरुवार को वह अपने ससुराल सोनाडीह पहुंचा तथा किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद करने लगा। विवाद के बाद क्षुब्ध होकर रंजन ने ब्लेड से अपना गला काट दिया। यह देख ससुराली जनों के होश उड़ गए। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने गंभीर स्थिति के चलते बलिया रेफर कर दिया। हालत गंभीर बताई जा रही है।
