छत पर 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर देख उड़े होश, गांव के युवकों ने किया रेस्क्यू
बिल्थरारोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा बाजार गांव में सोमवार की देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान की छत पर करीब 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही घर के परिजनों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उषा राजभर सोमवार की शाम करीब 7 बजे किसी काम से छत पर गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर छत पर मौजूद विशालकाय अजगर पर पड़ी। अजगर को देखते ही उनके होश उड़ गए। शोर मचाने पर गांव के युवक मौके पर पहुंच गए।
पूर्व प्रधान सतीश गुप्ता ने तत्काल इसकी सूचना उभांव इंस्पेक्टर और वन विभाग को दी। हालांकि, वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही गांव के युवकों ने साहस दिखाते हुए अजगर का रेस्क्यू कर उसे एक बड़े बोरे में सुरक्षित बंद कर दिया।
कुछ देर बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद युवकों ने अजगर को वन विभाग के कर्मचारी आनंद द्विवेदी और विनय राजभर को सौंप दिया।
ग्रामीणों का अनुमान है कि गांव नदी के तट पर स्थित होने के कारण अजगर झाड़ियों के रास्ते मकान की छत तक पहुंच गया होगा।
अजगर का रेस्क्यू करने वाले युवकों में सतीश कुमार गुप्ता, रिंकू गुप्ता, विंध्याचल शर्मा, आकाश साहनी, दीपक गुप्ता, रोशन राजभर, अभिषेक राजभर सहित अन्य युवक शामिल रहे। युवकों की तत्परता और साहस की ग्रामीणों ने सराहना की।
