मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 83 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, डीएम ने की पुष्पवर्षा


बिल्थरारोड। सीयर और नगरा ब्लॉक के कुल 83 जोड़े बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह बंधन में बंध गए। सीयर ब्लॉक के पशुहारी मार्ग स्थित सनशाइन मैरेज हॉल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में नवदंपतियों को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के लिए दोनों ब्लॉकों से कुल 98 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था। इनमें नगरा ब्लॉक के 44 और सीयर ब्लॉक के 39 जोड़े विवाह समारोह में शामिल हुए। एक मुस्लिम जोड़े का निकाह मौलवी ने पढ़ाया, जबकि अन्य जोड़ों का विवाह प्रकांड विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक जोड़े को पौधा भेंट कर उसे लगाने के लिए प्रेरित किया।
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्र नवविवाहिताओं के खाते में 64 हजार रुपये भेजे जाएंगे। इसके अलावा नवदंपतियों को सात साड़ियां, सिलाई मशीन, वर-वधू के लिए कलाई घड़ी, डिनर सेट, गद्दा, बक्सा, सूटकेस और आभूषण सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता मिल रही है। समारोह में वर-वधू और उनके परिजनों के लिए भोजन की भी व्यापक व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमेश प्रसाद, उपजिलाधिकारी शरद चौधरी, तहसीलदार राजू कुमार, नगरा के खंड विकास अधिकारी शिवांकित वर्मा, धर्मेंद्र सिंह, सीयर के खंड विकास अधिकारी सूर्यप्रकाश शाही, सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, एडीओ पंचायत मनोज कुमार सिंह और ब्लॉक समाज कल्याण अधिकारी ईरशाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के व्यवस्थापक मनीष सिंह ने खानपान की व्यवस्था संभाली। समारोह के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। उभांव थाना प्रभारी अनिल कुमार उपाध्याय, सीयर चौकी प्रभारी नीरज यादव और वन विभाग के दरोगा अपनी टीम के साथ पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *