सेंट जेवियर्स में मेधावियों का सम्मान समारोह: जिला टॉपर वैष्णवी चौबे को ₹25 हजार का चेक, 12वीं के टॉपर्स पर बरसी प्रोत्साहन राशि

बेल्थरा रोड। सेंट जेवियर्स स्कूल, बेल्थरा रोड में बुधवार को सीबीएसई 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को नकद प्रोत्साहन राशि, स्मृति चिन्ह, स्टार बैज और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह के मुख्य अतिथि सीयर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश ने कहा कि जीवन में केवल अच्छे अंक ही नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल और व्यवहारिक समझ भी सफलता की असली कुंजी है।
समारोह का मुख्य आकर्षण सीबीएसई 12वीं की पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बलिया की जिला टॉपर बनीं वैष्णवी चौबे रहीं। विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें ₹25 हजार का चेक एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।
विद्यालय ने 97 प्रतिशत अंक के साथ जिले में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले आयुष गुप्ता सहित 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले जैनब अख्तर, अमान, तनु मौर्य, दिव्यांशी सिंह, सलोनी गुप्ता और महिमा मद्धेशिया को ₹10-10 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इस तरह 12वीं के आठ मेधावी विद्यार्थियों के बीच कुल ₹95 हजार का वितरण किया गया।
इसके अलावा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 27 विद्यार्थियों को विशेष स्टार बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों का भी सम्मान किया गया, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रेरणादायी बन गया।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्र ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल अच्छे परीक्षा परिणाम देना नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देना है। उन्होंने घोषणा की कि सीबीएसई 10वीं के चयनित टॉपर्स की वर्तमान सत्र की पूरी स्कूल फीस माफ की जाएगी।
प्रधानाचार्या श्रीमती शिला मिश्र ने विद्यार्थियों को अनुशासन और निरंतर मेहनत का संदेश दिया, जबकि वाइस प्रिंसिपल तनवीर फातमा ने सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया।
इस अवसर पर बबलू सर, अरुण कुमार यादव, उदित राज, प्रवीण चौबे, पवन मित्तल, संजय गुप्ता ‘मिंटू’ सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे समारोह में मेधावियों का उत्साहवर्धन किया गया और उनकी उपलब्धियों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
