सोनबरसा के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की हालत गंभीर, एक का सीयर सीएचसी में उपचार…

बेल्थरा रोड (बलिया): उभांव थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव के सामने शुक्रवार की शाम करीब 5:00 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी घायल सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान मोनू यादव (27) पुत्र दिनेश चंद्र, निवासी नरला हल्दीरामपुर थाना उभांव, अनुज तिवारी (36) पुत्र स्वर्गीय प्रकाश तिवारी, निवासी नरला हल्दीरामपुर थाना उभांव, अमन गोंड (22) पुत्र दयाशंकर, निवासी डुहा बिहरा थाना सिकंदरपुर तथा सतीश (21) पुत्र उमाशंकर, निवासी डुहा बिहरा थाना सिकंदरपुर के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया। घटना की सूचना डायल 112 पर भी दी गई, जिसके बाद उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मोनू यादव, अनुज तिवारी और अमन गोंड की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया, जबकि सतीश का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में जारी है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
