न्यायालय के आदेश पर बैरिया थाने के पांच पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज!

बलिया। न्यायालय के आदेश पर बैरिया थाने में तैनात दो उपनिरीक्षकों समेत पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई बैरिया थाना क्षेत्र के तिवारी के मिल्की निवासी महेश कुमार ओझा की शिकायत पर की गई।
महेश कुमार ओझा का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों के साथ चल रहे भूमि विवाद को लेकर उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के लिए पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन जांच रिपोर्ट उनके प्रतिकूल लगा दी गई।
पीड़ित के अनुसार, शिकायत के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने के लिए वह 3 नवंबर 2025 को बैरिया थाने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद उपनिरीक्षक प्रभाकर शुक्ला, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, दीवान जय किसुन पाल तथा आरक्षी रिपुंजय और धर्मेंद्र ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
महेश कुमार ओझा ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) बलिया के आदेश पर शनिवार को बैरिया थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और 351(3) के तहत पांचों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
क्षेत्राधिकारी बैरिया  ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *