343 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड: नौ माह की मेहनत के बाद जवान बने तैयार, भव्य समारोह में ली शपथ!

बलिया। जनपद के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में रविवार को रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 का भव्य आयोजन हुआ। इस गरिमामय अवसर पर 12 टोलियों के कुल 343 रिक्रूट आरक्षियों ने नौ माह के कठोर प्रशिक्षण के बाद शानदार और अनुशासित परेड का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने परेड की सलामी ली और टोलियों का निरीक्षण किया। वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की मौजूदगी में कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सजीव प्रसारण के माध्यम से दिखाया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त रहने का संदेश दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने प्रशिक्षण का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित रिक्रूट आरक्षी:
विवेक द्विवेदी – सर्वांग सर्वोत्तम (सम्पूर्ण परीक्षा में प्रथम)
विशाल यादव – परेड कमांडर-I
मो0 इसराफिल मंसूरी – परेड कमांडर-II
नित्य प्रकाश – परेड कमांडर-III
अंकुर दूबे – इनडोर परीक्षा में प्रथम
समारोह के अंतिम चरण में जिलाधिकारी ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद टोलियों ने अनुशासित ढंग से प्रस्थान किया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। आयोजन के सफल संचालन में क्षेत्राधिकारी लाइन्स अक्षय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी, जवानों के परिजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *