हर घर मे पेयजल उपलब्ध हो नगर पंचायत चेयरमैन ने भेजा डीएम को प्रस्ताव

बिल्थरारोड / नगर के वार्ड नंबर दो व आठ में पेयजल के लिए प्रत्येक घर में नल लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर पंचायत की ओर से प्रस्ताव डीएम को भेज दिया गया है। यह जानकारी देते हुए नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप नगर के सभी घरों में स्वच्छ पेयजल के लिए नल लगाए जाएंगे। प्रथम चरण में वार्ड नंबर दो व आठ में नल लगाने की योजना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न वार्डों में सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए 1.99 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसकी स्वीकृति व धन आवंटन के बाद सड़कों के कायाकल्प का कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रेक्षा गृह के निर्माण, नगर पंचायत कार्यालय का विस्तार तथा तीन सड़कों के रंगीन इंटरलॉकिंग का कार्य चल रहा है। डूडा के तहत छह सड़कों के निर्माण का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर पार्क को आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए इसका सुंदरकरण किया जाएगा। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इमिलिया मार्ग के अधूरा नाला निर्माण का कार्य जारी है, जो जल्द ही पूरा होगा। उन्होंने बताया कि नगर विकास की अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं को अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया चल रही है।
