खेल-खेल में शिक्षा का शुभारंभ: सेंट जेवियर्स किड्स प्ले वे स्कूल का भव्य उद्घाटन







बिल्थरारोड। नगर के सोनाडीह मार्ग स्थित सेंट जेवियर्स किड्स प्ले वे स्कूल का शुभारंभ मंगलवार को खंड विकास अधिकारी सीयर फैसल आलम द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि फैसल आलम ने कहा कि प्ले वे पद्धति छोटे बच्चों (2 से 5 वर्ष) को खेल-खेल में सिखाने की एक बाल-केंद्रित शिक्षा प्रणाली है, जिसमें रटने के बजाय खोज, अन्वेषण और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की रचनात्मकता व सामाजिक कौशल विकसित किए जाते हैं। यह पद्धति बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास को सुनिश्चित करती है और इस सिद्धांत पर आधारित है कि बच्चे खेल के माध्यम से सबसे बेहतर सीखते हैं।
विद्यालय की प्रिंसिपल जयश्री मिश्रा ने बताया कि इस पद्धति से बच्चों को खुद को अभिव्यक्त करने की पूरी स्वतंत्रता मिलती है। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक शिक्षा भी जरूरी है और विद्यालय में बच्चों को डर से नहीं बल्कि प्यार से सिखाया जाएगा। साथ ही बच्चों को कुंभकारी कला जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी सिखाई जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्रा नीति ने मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।
वहीं विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. जे. आर. मिश्र और सेंट जेवियर्स स्कूल पिपरौली बड़ागांव की प्रिंसिपल शीला मिश्रा ने कहा कि विद्यालय खोलने का मुख्य उद्देश्य नगर एवं क्षेत्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों को प्ले वे माध्यम से बौद्धिक, सामाजिक, शारीरिक और मनोरंजक शिक्षा प्रदान करना है, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके।
इस मौके पर वाइस प्रिंसिपल तनवीर फातिमा, प्रवक्ता आनंद यादव, अफरोज आलम, गार्गी सिंह, राजशेखर मिश्र, सभासद निलेश दीपू, नीरज तिवारी, तेजस्विनी मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
