उभाँव थाना क्षेत्र के लोगों के साथ दर्दनाक सड़क हादसा‘बरछा’ से लौट रही बोलेरो की पिकअप से भिड़ंत, 8 वर्षीय मासूम की मौत, एक दर्जन घायल !

बिल्थरा रोड नगरा-बेल्थरा मार्ग पर कोठिया चट्टी के समीप शनिवार देर रात बोलेरो और पिकअप वैन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 8 वर्षीय मासूम करन की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 60 वर्षीय विजय शंकर की हालत नाजुक बताई जा रही है और वे कोमा में हैं। सभी घायलों का इलाज बलिया और मऊ के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
बताया जाता है कि उभाँव थाना क्षेत्र के तुर्तीपार स्थित खैरा खास गांव के कई लोग रसड़ा क्षेत्र में आयोजित ‘बरछा’ (मांगलिक कार्यक्रम) में शामिल होकर बोलेरो से अपने गांव लौट रहे थे। देर रात कोठिया चट्टी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।
हादसे की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया गया।
सीएचसी नगरा में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कई घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मऊ व जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। मऊ ले जाते समय रास्ते में 8 वर्षीय करन ने दम तोड़ दिया। वहीं खैरा खास निवासी 60 वर्षीय विजय शंकर, जो पेशे से पेंटर बताए जा रहे हैं, कोमा में चले गए हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे में बोलेरो चालक अमरेश तिवारी (50), पिकअप चालक रामध्यान पांडे (वाराणसी), सुरेंद्र (65), रामधन (55), रितेश (24), कृष्णा राजभर (15) और धर्मराज (60) सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। ये सभी बेल्थरा रोड क्षेत्र के तुर्तीपार व खैरा खास गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
मासूम की मौत की खबर गांव पहुंचते ही खैरा खास में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
