औड़िहार स्टेशन ओवरब्रिज पर फिसलकर गिरे बुजुर्ग कारोबारी की मौत, बिल्थरा रोड में शोक!

बिल्थरा रोड/
वार्ड नंबर 8, बीबीपुर (बिल्थरा रोड) निवासी 67 वर्षीय कैलाश चौरसिया की शनिवार को दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। वह अपने नाती को चौबेपुर कोचिंग छोड़ने के लिए काशी एक्सप्रेस से औड़िहार उतरे थे। रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज से गुजरते समय अचानक पैर फिसलने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोट के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।
बताया जा रहा है कि कैलाश चौरसिया लंबे समय से बैंकॉक में कारोबार करते थे और पिछले एक महीने से अपने घर बेल्थरा रोड आए हुए थे। परिवार के अनुसार, वे अपने नाती को चौबेपुर स्थित कोचिंग छोड़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही बिल्थरा रोड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मिलनसार और शांत स्वभाव के लिए जाने जाने वाले कैलाश चौरसिया के निधन से क्षेत्रवासियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दे।
