बेल्थरारोड रोडवेज के पास भीषण हादसा: बुलेट की टक्कर से 85 वर्षीय सेवानिवृत्त प्रोफेसर गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

बेल्थरारोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरारोड रोडवेज के पास शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से सड़क पार कर रहे 85 वर्षीय सेवानिवृत्त प्रोफेसर भगवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वह मर्यादपुर के निवासी और वार्ड नंबर 06 निवासी नवनीत सिंह के पिता हैं। हादसे के बाद मामला थाने पहुंच गया है।

जानकारी के अनुसार, दो बाइकों के बीच तेज रफ्तार में आगे निकलने की होड़ के दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि अनियंत्रित बुलेट ने सड़क पार कर रहे भगवान सिंह को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर पहुंचाया। वहां इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. बीएस सोनकर ने उनका उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, भगवान सिंह के बाएं हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के साथ शरीर पर कई चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें निजी एंबुलेंस से लेकर रवाना हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बुलेट की रफ्तार काफी तेज थी। घटना की सूचना मिलने पर सीयर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। खबर के अनुसार, पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को हिरासत में लेकर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग घायल भगवान सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *