बलिया के इस नगर पंचायत मे अध्यक्ष पद का होगा पुनः चुनाव पढ़िए पूरा मामला !

बलिया: जिले के बांसडीह में आदर्श नगर पंचायत मनियर में अध्यक्ष पद के लिए एक बार फिर से चुनाव होगा। उच्च न्यायालय प्रयागराज के कोर्ट संख्या 9 ने 20 दिसंबर 2024 को इस संबंध में आदेश जारी किया। इससे पहले, 2023 में हुए चुनाव में सपा की उम्मीदवार रितु देवी ने भाजपा की बुचिया देवी को करीब 1600 मतों के अंतर से हराकर यह पद जीता था।

मनियर का चेयरमैन पद अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित था। चुनाव परिणाम के बाद बुचिया देवी ने रितु देवी के शैक्षिक प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए उनकी आयु पर सवाल उठाया था। उन्होंने जिलाधिकारी बलिया के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई और प्रमाण पत्रों की जांच कराने की मांग की।

जांच के दौरान तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुनिराम सिंह ने रितु देवी के शैक्षिक अभिलेखों को फर्जी पाया और उनकी आयु भी निर्धारित मानकों से कम पाई। इसके बाद रितु देवी के खिलाफ बलिया कोतवाली में धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।
न्यायालय ने लिया फैसला

इस मामले में बुचिया देवी ने जिला जज अमित पाल सिंह की अदालत में भी याचिका दायर की थी। अदालत ने 23 अक्टूबर 2024 को रितु देवी के चुनाव को शून्य घोषित करते हुए बुचिया देवी को चेयरमैन घोषित कर दिया और इस आदेश की प्रति उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग को भेजने का निर्देश दिया।

रितु देवी ने इस फैसले को हाईकोर्ट प्रयागराज में चुनौती दी, जहां कैविएट दाखिल करते हुए जिला जज के आदेश पर स्थगन आदेश प्राप्त किया गया था। मामले की सुनवाई के बाद 20 दिसंबर 2024 को हाईकोर्ट ने चुनाव कराने का निर्देश दिया।

फिलहाल कोर्ट के आदेश की कॉपी प्राप्त नहीं हुई है। इस फैसले के बाद मनियर नगर पंचायत में चुनावी सरगर्मियां फिर से तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *