बलिया में दर्दनाक सड़क हादसा : ड्यूटी पर जा रहे आरक्षी राहुल कुमार यादव की मौत

बलिया। पुलिस विभाग ने अपने एक जांबाज सिपाही को खो दिया। जनपद आज़मगढ़ निवासी आरक्षी राहुल कुमार यादव (PNO-182093946) की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वह वर्ष 2018 में आरक्षी पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में बलिया जिले में अपनी सेवा दे रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 सितंबर 2025 की रात लगभग 10:30 बजे आरक्षी राहुल कुमार यादव क्षेत्राधिकारी कार्यालय रसड़ा में डाक पैरोकार ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान रसड़ा रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक्सिस बैंक के सामने विपरीत दिशा से आ रही तेज़ रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
महज़ 29 वर्ष की आयु में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए हुई इस असमय मृत्यु से पुलिस विभाग और परिजनों में गहरा शोक छा गया है।
