इंटर स्कूल खेल प्रतियोगिता में नव जीवन स्कूल का रहा दबदबा

बिल्थरारोड के नवजीवन इंग्लिश स्कूल के खेल मैदान में इंटर स्पोर्ट्स कबड्डी एवं बाॅलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालक वर्ग के बालीबाल व बालिका वर्ग के कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मेजबान स्कूल के नाम रहा। बालक वर्ग के कबड्डी प्रतियोगिता में एम एमएमडी स्कूल ने बाजी मार ली। प्रतियोगिता में पांच विद्यालय की टीमें शामिल रही।
बेल्थरारोड के नवजीवन इंग्लिश स्कूल में रविवार को इंटर स्कूल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ नपं प्रतिनिधि दिनेश कुमार गुप्ता के साथ एसएचओ उभांव विपिन सिंह व प्रिसिंपल ग्रेसी जान ने संयुक्त रुप से किया। प्रतियोगिता का पहला बालीबाल मैच जीएम एएम इंटर कॉलेज व आरबीसी वैली टीम के साथ खेला गया। जिसमें जीएमएएम स्कूल की टीम ने आरसीबी वैली को लगातार सेटो में 15-5 व 15-11 से हरा दिया। फाइनल मुकाबला नवजीवन इंग्लिश स्कूल व जीएमएएम इंटर कॉलेज की टीम के बीच खेला गया। जिसमें मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीएमएएम स्कूल को 15-7 व 15-5 से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। इस दौरान मैदान में मौजूद स्कूली छात्रों ने खेल भावना का शानदार उदाहरण प्रस्तुत करते हुए दोनों टीमों का हौसला आफजाई किया। कबड्डी प्रतियोगिता में एमएमडी स्कूल ने जोरदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आरबी चिल्ड्रेन वैली को 27-15 से हरा दिया। बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल नवजीवन इंग्लिश स्कूल के नाम रहा। जीएमएएम इंटर कॉलेज के प्रिसिंपल मो. मोबिन ने प्रिसिंपल ग्रेसी जान के साथ खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया। खेल अध्यापक दानिश मोहसिन, कोच प्रीतम गुप्ता मैच रेफरी रहे। इस अवसर पर आफताब अहमद, संतोष कुमार, आशुतोष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
