शहीद रामप्रवेश यादव की आठवीं पुण्यतिथि पर दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि !




बिल्थरारोड (बलिया)।
श्रीनगर (बनिहाल) में आठ वर्ष पूर्व हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जवान रामप्रवेश यादव की आठवीं पुण्यतिथि शनिवार को टंगुनियां–सोनाडीह मार्ग स्थित शहीद स्थल पर मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन और शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने शहीद को नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव प्रेरणास्रोत बताया।
- पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि शहीद रामप्रवेश ने देश की रक्षा हेतु प्राणों की आहुति देकर इतिहास के पन्नों में अमर स्थान बना लिया।
- पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया ने कहा कि उनका बलिदान हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
- पूर्व विधायक गोरख पासवान ने कहा कि उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा की राह दिखाएगी।
- वैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने युवाओं से उनके त्याग से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
- जिला पंचायत सदस्य दिनेश यादव ने कहा कि युवाओं को शहीदों के आदर्शों को आत्मसात कर सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर शहीद के दोनों पुत्र आयुष और आशीष को सभी ने आशीर्वाद देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं शहीद के पिता लालबचन यादव ने कहा कि उन्हें पुत्र के बलिदान पर गर्व है। शहीद की पत्नी चिंता देवी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावुक हो उठीं।
कार्यक्रम में 22वीं वाहिनी महाराजगंज से सहायक कमांडेंट दिनेश चंद विश्वास, चालक राकेश कुमार, एमएस खान और 14वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बड़गाम (जम्मू-कश्मीर) से उमेश प्रसाद यादव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत सदस्य हरेराम यादव, चंद्रभान भारती, आनंद यादव, जनार्दन यादव, सोनू यादव, ओमप्रकाश, प्रभुनाथ, राकेश, अखिलेश, पूर्व प्रधान बांकेलाल यादव, राजकुमार, रोहित समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
