बलिया: बेल्थरा रोड बस स्टेशन पर दो महिलाओं से उचक्कागिरी, लाखों के गहने उड़ाए
बलिया जनपद के पूर पकड़ी गांव की रहने वाली दो महिलाओं को बेल्थरा रोड बस स्टेशन पर शुक्रवार को दिन में 12:00 बजे शातिर उचक्कों ने अपना शिकार बना लिया। ठगी की यह वारदात इतनी चतुराई से अंजाम दी गई कि महिलाओं को जब तक कुछ समझ आता, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता प्रेमा सिंह और आशा सिंह किसी कार्यवश पूऱ पकड़ी से अपने रिश्तेदारी मधुबन मऊ जा रही थीं। जैसे ही वे बेल्थरा रोड बस स्टेशन पर उतरीं, वहां दो अज्ञात युवक उनके पास आए और बातचीत में उन्हें यह कहकर डराने लगे कि आसपास चोर घूम रहे हैं, जो उनके गहने और पैसे छीन सकते हैं। युवकों ने खुद को मददगार बताते हुए महिलाओं से कहा कि वे अपने सभी गहने एक बैग में रख लें और जल्दी से सामने खड़े एक ऑटो में बैठ जाएं।
महिलाओं के बताएं अनुसार महिलाएं कह रही थी कि वह दोनों लड़के अपने पैकेट से बार-बार रुमाल निकाल रहे थे और रुमाल निकाल करके उनके मुंह के सामने फटकार रहे थे फटकारने के बाद से उनको कुछ नशा जैसा समझ में आने लगा था
महिलाएं उनकी बातों में आ गईं और जैसे ही उन्होंने अपने गहने – जिनमें 5 सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, एक जोड़ी झुमके और एक मंगलसूत्र शामिल था – बैग में रखे, उचक्के चकमा देकर वह बैग लेकर रफूचक्कर हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों पीड़ित महिलाएं सीयर चौकी पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से उचक्कों का हौसला बुलंद होता जा रहा है।
