सीयर खंड में हिंदू सम्मेलन संपन्न, संगठित समाज से ही राष्ट्र सशक्त : अनुपम जी




सीयर खंड अंतर्गत रामपुर चंदेला मंडल में शनिवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज परिसर में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत ग्राम प्रधान श्री छोटेलाल यादव ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मेलन में देशप्रेम से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां हुईं। मंच पर संत चरण श्री भरतदास उपाख्य मौनी बाबा जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रसड़ा के जिला प्रचारक एवं मुख्य वक्ता श्री अनुपम जी, मातृशक्ति से श्रीमती फूल कुमारी जी, आयोजन समिति अध्यक्ष श्री बेचन गुप्ता जी तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री सुखराम प्रसाद जी उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता श्री अनुपम जी ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत की पहचान एक सशक्त राष्ट्र के रूप में बनी है, जो हिंदू समाज के संगठित होने का परिणाम है। उन्होंने युवाओं और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शून्य से लेकर दशमलव तक की खोज हिंदू समाज के मनीषियों की देन है। हिंदू समाज ने सदैव विश्व को देने का कार्य किया है और केवल सनातन परंपरा ही विश्व कल्याण की भावना को अपने हृदय में संजोए हुए है।
उन्होंने कहा कि इतिहास के विभिन्न कालखंडों में हिंदू समाज को जाति के आधार पर बांटने के कुत्सित प्रयास किए गए, लेकिन हमारे पूर्वजों की महान परंपरा के कारण हिंदू समाज एकजुट रहा और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता रहा। उन्होंने सनातन परंपरा की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्षों की पूजा, नदियों की आराधना, गौमाता का पूजन और भारत माता को मां के रूप में सम्मान देना केवल सनातन संस्कृति की ही विशेषता है। उन्होंने आह्वान किया कि यदि हिंदू समाज इसी प्रकार संगठित रहा तो शीघ्र ही भारत माता विश्व गुरु के सिंहासन पर आसीन होंगी।
