संदिग्ध हालात में युवक की लाश मिलने से सनसनी, कमरे से नशीली दवाएं व शिरींज बरामद, मुहर्रम मातम के निशान से गहराया शक !

बिल्थरारोड क्षेत्र के बीबीपुर में सोमवार सुबह एक युवक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुहम्मद तालिम (28 वर्ष) पुत्र आफताब आलम, वार्ड नंबर 22, बेतिया, पश्चिम चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है। युवक बीबीपुर में किराए के मकान में रहकर पेंटिंग का काम करता था।
पुलिस के मुताबिक युवक के कमरे से नशीली दवाएं और शिरींज भी बरामद हुए हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि युवक रविवार रात मुहर्रम के दसवीं के जुलूस में मातम करने के बाद लौटा था। उसके पीठ और सीने के दोनों तरफ मातम के निशान मिले हैं।
सीयर चौकी प्रभारी चंद्रशेखर यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक टीम) को बुलाकर बारीकी से जांच कराई जा रही है। आसपास के लोगों ने सोमवार सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। परिवार के लोग रास्ते में हैं और जल्द ही बलिया पहुंचेंगे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
