बेल्थरारोड नगर में अवैध रूप से संचालित प्राइवेट चिकित्सालयों व झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ सीएमओ ने नोडल अधिकारी को जांच का दिया आदेश



बिल्थरारोड। स्थानीय नगर में अवैध रूप से संचालित प्राइवेट चिकित्सालयों व झोलाछाप चिकित्सकों पर शिकंजा कसेगा। इसके लिए सीएमओ ने नोडल अधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी नगर एवं क्षेत्र में चल रहे अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन व अन्य कागजात खंगालेंगे। सीएमओ के आदेश के बाद अवैध रूप से संचालित प्राइवेट अस्पताल, नर्सिंग होम व झोलाछाप चिकित्सकों में खलबली मच गई है। सीएचसी सीयर के अधीक्षक डॉ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सीएमओ ने अवैध अस्पतालों व झोलाछाप चिकित्सकों की जांच करने के लिए नोडल अधिकारी को निर्देश दिया है। उल्लेखनीय है कि गत दिनों एक प्रसूता से स्टाफ नर्स, आशा बहू और एक प्राइवेट अस्पताल द्वारा अवैध धन उगाही की शिकायत मिलने पर अधीक्षक डॉ सिंह ने स्पष्टीकरण तलब किया है। ऐसे में प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने नोडल अधिकारी को जांच का आदेश दिया है। पूर्व नोडल टीम डॉ योगेंद्र दास, डॉ अभिषेक मिश्र व अन्य द्वारा किये गए जांच के दौरान नगर में जनता क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन पर चल रहे अस्पताल में ऑपरेशन की हुए प्रसूता को पाया गया किन्तु मामला ठंडे बस्ते में चला गया। गौरतलब है कि अवैध रूप से संचालित अस्पताल मरीजों के शोषण का जरिया बन गए हैं। उचित इलाज का झांसा देकर स्टाफ नर्स और आशा बहु कमीशन खोरी के लालच में अवैध रूप से संचालित प्राइवेट अस्पताल लेकर चली जाती है। जहाँ पर मरीजों व तीमारदारों का जमकर आर्थिक शोषण करने के बाद दूसरे स्थान पर इलाज कराने के लिए रेफर कर देते हैं या पैसे के लोभ में इलाज करते-करते मरीज की जान ले लेते हैं।
