मुख्य सड़क से मांस–मछली की अवैध दुकानें हटाईं, प्रशासन की तत्परता से लोगों ने ली राहत की सांस !
बिल्थरारोड। चौकियां मोड़ से उभांव मार्ग तक मुख्य सड़क पर लंबे समय से खुले में लग रही मछली–मांस की अवैध दुकानों से उत्पन्न अव्यवस्था को लेकर स्थानीय लोग लगातार परेशान थे। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से लगने वाली इन अस्थायी दुकानों के कारण मार्ग काफी संकरा हो गया था। अचानक रुकने वाले वाहनों, ग्राहकों की भीड़ और फैली गंदगी ने दुर्घटनाओं की आशंका को और बढ़ा दिया था।


बलिया हिन्दी न्यूज़ में मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि “जनसुविधा और सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, अव्यवस्था जल्द दूर की जाएगी।”
इसी निर्देश के क्रम में मंगलवार को उभांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुख्य सड़क किनारे लगी सभी मांस–मछली की दुकानों को हटवाया। पूरे मार्ग को साफ कराया गया तथा यह स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में मुख्य सड़क पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण या दुकानदारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों निर्भय सिंह, मुकुंद मोहन यादव, विमला सहित अन्य ने प्रशासन की इस तत्पर कार्रवाई का स्वागत किया। लोगों का कहना है कि बलिया हिन्दी न्यूज़ में खबर प्रकाशित होने के बाद तुरंत एक्शन होने से सड़क पर जाम और दुर्घटना की आशंका में अब कमी आएगी। साथ ही उम्मीद जताई कि आगे भी इस मुख्य मार्ग पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी।
