बलिया जिला अस्पताल में महिला की मौत परिजनों ने लगाया इलाज में देरी का आरोप !

बलिया जिला अस्पताल में सोमवार की देर शाम एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने एंबुलेंस के नहीं पहुंचने और इलाज में देरी होने का आरोप लगाते हुए जमकर आक्रोश जताया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।

जानकारी के मुताबिक हल्दी थाना क्षेत्र के बादिलपुर गांव निवासी 50 वर्षीय प्रभावती सिंह पत्नी डॉक्टर सूर्यबली सिंह की दोपहर में तबीयत खराब हो गई थी। जिसे परिजन अस्पताल लेकर जाने की तैयारी करने लगे। परिजनों ने मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए 108 नंबर पर सूचना देकर एंबुलेंस को फोन किया। लेकिन एंबुलेंस एक घंटे देर से पहुंची। इसके बाद आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया।

परिजनों का आरोप है कि महिला को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया लेकिन महिला को समय पर इलाज नहीं मिल पाया, जिससे मरीज की मौत हो गई। मृतका के घरवाले डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग करने लगे और जमकर हंगामा किया। मौके पर नगर कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह शहर की कई पुलिस चौकी के जवानों के साथ पहुंच गये।

पुलिस लाश को कब्जा में लेने के प्रयास में जुटी तो परिजन विरोध में खड़े हो गये। वह लाश का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। लेकिन पुलिस ने संदेह होने के चलते पोस्टमार्टम की बात कही। लेकिन मृतका के परिजन डीएम से संपर्क करने लगे। जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। बहरहाल मामले में उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया है, उनके निर्देश पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *