बलिया: ब्रेजा कार से 45 किलो अवैध गांजा बरामद, बिहार के दो युवक गिरफ्तार
सिकंदरपुर में पुलिस की कार्रवाई, बिहार से गांजा लेकर देवरिया जा रहे थे आरोपी; कार, मोबाइल और नकदी भी बरामद

सिकंदरपुर (बलिया)। जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से ब्रेजा कार सवार बिहार निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 960 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:19 बजे मुखबिर की सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुन्ना पांडेय के घर के सामने, डोमनपुरा तहसील रोड, सिकंदरपुर के पास एक ब्रेजा कार (नंबर JH 10 BG 8995) की तलाशी ली गई। इस दौरान कार से दो बोरियों में रखा कुल 45 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार यादव (25 वर्ष), पुत्र जयशंकर यादव, निवासी चंद्रपुरा, थाना बरहमपुर, जिला बक्सर (बिहार) तथा अमित सिन्हा उर्फ शुभम उर्फ छोटू (28 वर्ष), पुत्र अघोरी विमल कुमार, निवासी वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, थाना टाउन, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है।
देवरिया में बेचने के लिए ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे बिहार से गांजा लेकर देवरिया में एक व्यक्ति को बेचने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
मामले में सिकंदरपुर थाने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
