स्वर्गीय अच्छे लाल के संघर्षों को व्यापार मंडल ने किया याद, चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

बलिया। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, बलिया के विष्णुपुर स्थित कैंप कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत व्यापारी स्वर्गीय अच्छे लाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित व्यापारियों ने उनके व्यापारी जीवन, संघर्षों और समाज के प्रति योगदान को याद किया।

व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि स्वर्गीय अच्छे लाल ने अपने जीवनकाल में संघर्ष के कई आयाम स्थापित किए। उन्होंने व्यापारी हितों के लिए हमेशा संघर्ष किया और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा स्थापित संघर्ष और व्यापारी हितों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए व्यापार मंडल कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर स्वर्गीय अच्छे लाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके साथ ही बलिया रेलवे स्टेशन स्थित मंदिर परिसर, बांसडीह स्थित भुतेश्वरनाथ मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल के सहसंयोजक सत्यदेव गुप्ता, सौरभ सोनू, गोविंद जी गुप्ता, राम अवतार माली, माली समाज के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र माली, बरौनी, अमर जी रौनियार, अशोक रौनियार, सुनील रौनियार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वहीं शांति सेवा संस्थान की ओर से राजकुमारी गुप्ता, मंजू गुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि सभा में सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *