तुर्तीपार रेगुलेटर के पास डंपर से टकराकर दुकान में घुसा पिकअप, छह जीवित व एक मृत गोवंश बरामद
बिल्थरारोड (उभांव)।
उभांव थाना क्षेत्र के तुर्तीपार रेगुलेटर के पास शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गया। टक्कर के बाद बेकाबू हुआ पिकअप पास की एक चाय-पान की दुकान में जा घुसा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन पिकअप में लदे सात गोवंश में से एक की मौके पर ही मौत हो गई।





पुलिस के अनुसार पिकअप तुर्तीपार की ओर जा रहा था, तभी रेगुलेटर के पास सड़क पर खड़े डंपर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप मुड़ते हुए सीधा दुकान में घुस गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पिकअप चालक और गो तस्कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप से छह जीवित तथा एक मृत गोवंश को बरामद किया। उभांव एसएचओ आरपी सिंह ने बताया कि गोवंश की तस्करी के मामले में अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं, सूत्रों की मानें तो इस गो-तस्करी के मामले में कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही है।
फरार तस्करों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
