उभांव में पुलिस का सख्त एक्शन: चाइनीज मांझा पर जीरो टॉलरेंस, तीन सवारी में दो मोटरसाइकिल सीज
बिल्थरा रोड / उभांव थाना क्षेत्र में चाइनीज मांझा की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध को लेकर पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। शुक्रवार को दिन में इंस्पेक्टर उभांव संजय शुक्ल के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में स्थित पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर जाकर गहन जांच की गई।
जांच के दौरान दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी परिस्थिति में चाइनीज मांझा की बिक्री, भंडारण या उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इंस्पेक्टर संजय शुक्ल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर किसी दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा पाया गया तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुकानदारों को यह भी चेताया कि त्योहारों और पतंगबाजी के मौसम में पुलिस की निगरानी और अधिक बढ़ाई जाएगी।
इस अभियान के दौरान सीयर चौकी प्रभारी मुकेश कुमार के साथ पुलिस बल एवं कांस्टेबल मौजूद रहे। पुलिस टीम ने दुकानों में रखे सामान की बारीकी से जांच करते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।
वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रहे मोटरसाइकिल हादसों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की। शुक्रवार के ही अभियान के दौरान तीन सवारी लेकर चल रहे मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो बाइकों को सीज कर दिया गया। पुलिस ने दो टूक कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



