सीयर की अध्यापिका को मिलेगा राज्य पुरस्कार
आदर्श पाठयोजना प्रतियोगिता 2021 के लिए चयनित प्रदेश के 80 शिक्षकों में श्वेता का नाम शामिल



बलिया। जिले के सीयर ब्लाक अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय तिरनई खिजिरपुर की सहायक अध्यापिका श्वेता वर्मा को राज्य स्तरीय आदर्श पाठयोजना 2021 पुरस्कार के लिए चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार गणित विषय की बेहतरीन पाठयोजना के लिए दिया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (लखनऊ) की निदेशक शुभा सिंह की ओर से मंगलवार को जारी प्रदेश के 80 शिक्षकों की सूची में श्वेता का नाम शामिल है। चयनित शिक्षकों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र वितरण की सूचना डायट के प्राचार्य/ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मिलेगी।
शिक्षकों को योजनाबद्ध तरीके से शिक्षण कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद ने पंचम राज्य स्तरीय आदर्श पाठयोजना प्रतियोगिता 2021 का आयोजन कराया था। परिषद ने जनपद स्तर से प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों की चयनित पाठयोजनाओं का राज्य स्तर पर बाह्य विशेषज्ञों से मूल्यांकन कराया। विशेषज्ञों ने विभिन्न मानकों के आधार पर पाठयोजनाओं का मूल्यांकन किया। इसके बाद अंग्रेजी, हिन्दी, संस्कृत, विज्ञान, गणित, एसएसटी, ईवीएस एवं हमारा परिवेश विषयों की पाठयोजना के लिए प्राथमिक स्तर के 49 व जूनियर हाईस्कूल के 31 शिक्षकों का प्रदेश स्तर पर चयन हुआ है। इनमें जिले की अध्यापिका श्वेता का भी नाम शामिल है। श्वेता की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह के अलावा सैकड़ों शिक्षकों ने बधाई व शुभकामनाएं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *