राम-सीता विवाह की बारात ने मोह लिया मन, चारों भाई ई-रिक्शा पर सवार होकर पहुंचे मंदिर

बिल्थरा रोड: श्रीरामलीला समिति द्वारा रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला मंचन में सोमवार को राम-सीता विवाह की झलक ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न बारात के साथ नगर भ्रमण पर निकले।
आधुनिक युग की झलक देते हुए चारों भाई ई-रिक्शा की सवारी कर मानस मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में पुजारी द्वारा विधिवत उनकी आरती उतारी गई, और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
दुर्गा पूजा की सप्तमी तिथि पर मां दुर्गा के पट भी खुले थे, जिससे श्रद्धालु दोनों अवसरों का आनंद उठा सके। नगर की सड़कों पर उमड़े भक्तों ने राम बारात का आनंद लिया और मंदिरों में जाकर मां के दर्शन किए। रामलीला मैदान और नगर दीपों और भक्तिमय वातावरण से आलोकित नजर आए।
