पंचायत चुनाव के लिए मतदेय स्थल बदलने पर हल्दीरामपुर के ग्रामीणों में आक्रोश !

गूगल सांकेतिक फोटो

बिल्थरारोड (सीयर ब्लॉक)।
हल्दीरामपुर ग्राम पंचायत के मतदेय स्थलों में बदलाव को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त नाराज़गी देखने को मिली। ग्रामीणों ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी देवेन्द्र कुमार पाण्डेय को शिकायती पत्र सौंपकर मतदेय स्थलों को पूर्ववत करने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्वाचन लिपिक आनंद कुमार की भूमिका संदिग्ध है। आरोप है कि आगामी पंचायत चुनाव से पहले मतदेय स्थलों को 2 से 5 किलोमीटर दूर शिफ्ट कर दिया गया है, जिससे मतदाताओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

दिए गए शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने उल्लेख किया है कि —

  • मतदेय स्थल संख्या 4 प्राथमिक विद्यालय पनिसरा से हटाकर 3 किलोमीटर दूर प्राथमिक विद्यालय नरला कर दिया गया।
  • नरला प्राथमिक विद्यालय से 3 किलोमीटर दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय हल्दीरामपुर पोखरा को नया स्थल बना दिया गया।
  • वार्ड संख्या 5 का मतदेय स्थल प्राथमिक विद्यालय हल्दीरामपुर पोखरा से हटाकर 1 किलोमीटर दूर कन्या प्राथमिक विद्यालय हल्दीरामपुर कर दिया गया।
  • वार्ड संख्या 7 का मतदान केंद्र कन्या प्राथमिक विद्यालय हल्दीरामपुर से हटाकर लालमणि ऋषि इंटर कॉलेज कर दिया गया।
  • वार्ड संख्या 11 व 12 का केंद्र मठिया प्राथमिक विद्यालय से बदलकर 4 किलोमीटर दूर प्राथमिक विद्यालय सहिया कर दिया गया।
  • सहिया विद्यालय के मतदाताओं का केंद्र 5 किलोमीटर दूर प्राथमिक विद्यालय पनिसरा कर दिया गया है।

इन फेरबदल को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर मतदेय स्थलों को पूर्ववत बहाल करने की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *