चौकियां- नगरा मार्ग पर बाइक के धक्के से एक युवक की मौत और एक गम्भीर रूप से घायल

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के चौकियां- नगरा सड़क मार्ग पर सोमवार की रात्रि लगभग 10 बजे खाना खाकर सड़क पर टहलते समय दो युवकों को बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मारा जिससे एक युवक की घटना स्थल पर मौत हो गयी जबकि दूसरा युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकियां गांव निवासी अमन अंसारी 19 वर्ष पुत्र अरसे आलम अपने मित्र जुल्फेकार के साथ सोमवार की रात्रि लगभग 10 बजे खाना खाने के बाद चौकियां- नगरा मार्ग पर टहल रहा था। इसी बीच पीछे से जा रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर गए। आनन फानन में आसपास के लोगो ने दोनों घायलों को सीएचसी सीयर पहुँचाया जहाँ डॉक्टर ने अमन अंसारी को मृत घोषित कर दिया। जबकि गम्भीर रूप से घायल जुल्फेकार का इलाज चल रहा है। सूचना के बाद पहुँची उभांव पुलिस ने अमन अंसारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
