घाघरा रेलवे पुल पर जान जोखिम में डालकर अश्लील रील, सोशल मीडिया की सनक बनी खतरे की वजह

बिल्थरारोड। सोशल मीडिया आज भले ही अभिव्यक्ति की आज़ादी का सशक्त माध्यम बन चुका हो, लेकिन इसके दुरुपयोग के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर लाइक और फॉलोअर्स की होड़ में युवक-युवतियां अपनी जान जोखिम में डालने से भी नहीं चूक रहे हैं।
ताजा मामला घाघरा नदी के तुरतीपार स्थित रेलवे लाइन पुल का है, जहां एक युवती द्वारा अश्लील भोजपुरी गाने पर रील बनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि रील बनाने के दौरान उसी पुल पर ट्रेन भी आ रही थी, जिसका फोटो किसी राहगीर द्वारा खींच लिया गया। यह दृश्य साफ तौर पर संभावित बड़े हादसे की ओर इशारा करता है।
रेलवे पुल जैसे संवेदनशील और प्रतिबंधित स्थान पर इस तरह की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि खुद की जान के साथ-साथ रेल यातायात की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते रेलवे प्रशासन और सिविल पुलिस ने इस तरह की असामाजिक और जोखिम भरी हरकतों पर सख्ती नहीं दिखाई, तो भविष्य में कोई बड़ी और दुखद घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में नियम-कानून और सुरक्षा को ताक पर रखना चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाए जाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है।
