बंदरों का आतंक जारी फरसाटार बयउल्डी में सनकी बंदरिया का हमला, महिला गंभीर रूप से घायल

बिल्थरा रोड / उभांव थाना क्षेत्र के फरसाटार बउल्डी गांव में इन दिनों बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार को खिचड़ी के दिन कपड़ा सुखाने छत पर गईं चिंता देवी (46) पत्नी पतिराम चौहान पर एक सनकी बंदरिया ने अचानक हमला कर दिया। बंदरिया ने महिला के चेहरे को बुरी तरह काट लिया, जिससे खून बहने लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को उपचार के लिए ले जाया गया। गांव वालों का कहना है कि उक्त बंदरिया इससे पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुकी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बच्चों और महिलाओं को घर से बाहर निकलने में डर सता रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन से जल्द से जल्द बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
