बिल्थरारोड डाकघर का लिंक फेल, उपभोक्ता परेशान !

बिल्थरारोड (बलिया)। क्षेत्र के डाकघर में बीते दो दिनों से लिंक फेल रहने से उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पैसे के लेन-देन, आधार लिंकिंग, पेंशन वितरण समेत अन्य सेवाएं पूरी तरह से ठप हो चुकी हैं। वहीं, हाल ही में डाकघर का स्थानांतरण पूर्वांचल पैलेस रोड से इमिलिया रोड पर किए जाने की जानकारी भी अभी तक अधिकांश उपभोक्ताओं को नहीं है, जिस कारण लोग पुराने पते पर भटकते नजर आ रहे हैं।

डाकघर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं की भीड़ तो लग रही है, लेकिन लिंक फेल होने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है। कई पेंशनभोगी, छात्रवृत्ति धारक और ग्रामीण महिलाएं लगातार दो दिनों से डाकघर के चक्कर काट रही हैं।

इस संबंध में डाकघर के पोस्ट मास्टर अक्षय कुमार ने बताया,

> “तकनीकी कारणों से लिंक डाउन है, जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। तकनीकी टीम इस पर काम कर रही है, जल्द ही सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि डाकघर के नए स्थान की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सूचना बोर्ड लगाया गया है और स्टाफ को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि डाक विभाग को नए पते की जानकारी व्यापक रूप से प्रचारित करनी चाहिए थी। साथ ही लिंक फेल जैसी समस्याओं के लिए वैकल्पिक समाधान की व्यवस्था भी होनी चाहिए, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *