6 करोड़ से अधिक की लागत से 75 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास !


सीयर (बलिया)। सीयर ब्लाक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने बुधवार को ब्लाक परिसर में आयोजित समारोह के दौरान 6 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 75 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

कार्यक्रम की शुरुआत ब्लाक सभागार में हुई बैठक से हुई, जहां ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह एवं खंड विकास अधिकारी फैसल आलम ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ संचालित विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इसके पश्चात ब्लाक प्रमुख ने समस्त जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास संपन्न कराया।

इस अवसर पर आलोक सिंह ने कहा कि, “बतौर ब्लाक प्रमुख पिछले चार वर्षों में मेरा एकमात्र उद्देश्य जनहित के कार्यों को गति देना रहा है। सीयर ब्लाक के लगभग सभी गांवों में विकास की रफ्तार दिखाई दे रही है।”

महत्वपूर्ण कार्यों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि सोनाडीह स्थित मां भगवती मंदिर प्रांगण का इंटरलॉकिंग व सौंदर्यीकरण कार्य और बउल्डी ग्राम सभा में 1500 मीटर लंबी नाली का निर्माण उनके कार्यकाल के उल्लेखनीय कार्यों में शामिल हैं।

जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी पर बोलते हुए आलोक सिंह ने कहा, “हर प्रतिनिधि को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह अपने क्षेत्र की समस्याओं को न केवल सुने, बल्कि उनके समाधान की ठोस पहल भी करे।”

अपने “ड्रीम प्रोजेक्ट” के बारे में उन्होंने बताया कि वह क्षेत्र के युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना पर कार्य कर रहे हैं, ताकि स्थानीय खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके।

गौरतलब है कि ब्लाक प्रमुख आलोक कुमार सिंह राजनीति के साथ-साथ फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं, और अपनी कार्यशैली से लगातार चर्चा में रहते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *