पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री छट्ठू राम ने जिलाधिकारी को पत्रक देंकर हल्दिरामपुर कोइली मुहान ताल के रेगुलेटर को मुख्य लाइन से जोड़ने व क्षमता बढ़ाने की मांग की

बिल्थरारोड। पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री भाजपा नेता छट्ठू राम ने बुधवार को जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल को पत्रक सौंपकर क्षेत्र के किसानों के लिए अभिशाप बने कोइली मोहान ताल के जल के निकास के लिए बने हल्दीरामपुर रेगुलेटर को मुख्य विद्युत लाइन से जोड़ते हुए इसकी क्षमता बढ़ाने की मांग की है। पत्रक में उल्लेख है कि कोइली मोहान ताल के जलनिकास के लिए हल्दीरामपुर रेगुलेटर में छह पंप लगाए गए हैं। जो खराब पड़े है, जिसकी क्षमता 60 क्यूसेक है। ताल में अधिक पानी जमा होने के कारण भरपूर जल निकास नहीं हो पाता। जिससे हमेशा बाढ़ की स्थिति बनी रहती है। ताल के किनारे बसे करीब तीन दर्जन ग्रामों की हजारों एकड़ फसल डूब कर बर्बाद हो जाती है। जिससे किसान प्रभावित होते हैं। ताल के तटवर्ती ग्रामों में पानी भर जाने से पेयजल दूषित हो जाता है। इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियां होती हैं। वहीं, कभी-कभी महामारी का रूप धारण कर लेता है। रिहायशी क्षेत्रों में पानी लगने से घर और झोपड़ियां धराशाई हो जाती हैं। जिससे गरीब परिवार घर छोड़कर अन्यत्र जाने के लिए विवश हो जाते हैं। पत्रक में रेगुलेटर पंप की क्षमता में वृद्धि कर 75 क्यूसेक का छह मोटर पंप लगाकर इसे मुख्य विद्युत लाइन से जोड़ते हुए ताल के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि हर साल होने वाले नुकसान से निजात मिल सके।
