बिल्थरारोड में बंद पड़े भारत पेट्रोल पंप के ऑफिस में आग, सभी कागजात राख !
बिल्थरारोड। नगर के चौकिया मोड़ मार्ग पर स्थित बंद पड़े भारत पेट्रोल पंप के कागजात रूम में शनिवार की रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस आगलगी में पेट्रोल पंप से संबंधित सभी कागजात जलकर राख हो गए।
पेट्रोल पंप संचालक पक्ष की ओर से इस घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। नगर पंचायत वार्ड नं. 3 निवासी गायत्री देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में उल्लेख किया है कि उनके पति स्व. अशोक कुमार जायसवाल और चचिया ससुर स्व. सुरेश प्रसाद द्वारा मौजा अवाया की भूमि (आराजी नं. 250, रकबा 0.101 हे.) पर भारत पेट्रोल पंप संचालित किया जाता था, जो लंबे समय से बंद है।
तहरीर के अनुसार, शनिवार की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने ऑफिस का ताला तोड़कर पेट्रोल पंप से संबंधित कागजातों को आग के हवाले कर दिया। सुबह जानकारी होने पर गायत्री देवी मौके पर पहुँचीं और तत्काल पुलिस को 100 नम्बर पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली।
पीड़िता ने इस घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।



