भीमपुरा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: 25 हजार का इनामी बदमाश घायल, एक फरार

बिल्थरारोड/रात्रि में थाना भीमपुरा क्षेत्र अंतर्गत सब्दलपुर चट्टी के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना उस समय घटी जब पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी और एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन मोटरसाइकिल सवार पुलिस को चकमा देते हुए खेतों की ओर भागने लगा। भीमपुरा पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए पीछा किया गया। इसी दौरान बदमाशों ने खुद को पुलिस से घिरता देख जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश दीपक पासवान पुत्र लालदेव पासवान, निवासी वार्ड नंबर 9, कस्बा रेवती, थाना रेवती, जनपद बलिया के बाएं पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल इलाज हेतु सदर अस्पताल बलिया में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान दूसरा बदमाश सतीश सैनी पुत्र स्व. मुन्ना सैनी, निवासी गुठौली, थाना बांसडीह रोड, जनपद बलिया अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।पूछताछ के दौरान घायल बदमाश ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दिनांक 20 मई 2025 एवं 04 जून 2025 की रात्रि में पकड़ीडीह स्थित देशी शराब की दुकान से पेटियों में देशी शराब, नगद धनराशि और स्कैनर की चोरी की थी। इसके अलावा, 09 मई 2025 को थाना गड़वार क्षेत्र से मोटरसाइकिल संख्या UP60W-4665 भी चुराई थी।
गौरतलब है कि घायल बदमाश दीपक पासवान के ऊपर ₹25,000 का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल ग्लैमर बरामद की है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर ने एक वीडियो बयान में पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद विधिक कार्यवाही तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और फरार अपराधी की तलाश जारी है।
