देवेन्द्र पीजी कालेज बेल्थरारोड के समाजशास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ शिवकांत मिश्र का हृदयगति रुकने से निधन

बिल्थरारोड। देवेंद्र पीoजीo कॉलेज, बेल्थरारोड के समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉo शिवाकांत मिश्र का मंगलवार के प्रातः 7:15 पर हृदय गति रुकने से असामयिक निधन हो गया । कल महाविद्यालय में वह पूर्णतया स्वस्थ अवस्था में आए थे। लोगों से बात के दौरान उन्होंने यह जरूर कहा था कि मुझे हल्की सी ठंड लग रही है, लेकिन तबीयत लगभग सामान्य है। रात में वे पूरी तरह ठीक रहे।भोर में लगभग 5:00 बजे उनको कुछ घबराहट महसूस हुई तो वह अपने डाक्टर बेटे उद्धव मिश्रा से मोबाइल से बात कर बीआरडी मेडिकल कॉलेज देवरिया के लिए सुबह लगभग 6:10 पर अपने नीजी कार से छोटे पुत्र व ड्राइवर के साथ अपने घर से रवाना हुए। सलेमपुर में वे अपने बेटे व ड्राइवर के साथ चाय भी पिये, उसके बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज, जहां उनका बेटा डॉo उद्भव मिश्रा खुद रेजिडेंट डॉक्टर है, वहां पहुंच गए और कार से उतर कर जैसे ही मेडिकल कॉलेज के गेट को पार कर रहे थे,अचानक गेट पर ही लड़खड़ा कर गिरे और वहीं तत्काल उनकी मौत हो गई।उनके निधन पर कॉलेज परिसर में एक शोक सभा का आयोजन हुआ, जिसमें महाविद्यालय के प्राचार्य डॉo हरेराम सिंह ने कहा कि प्रोफेसर मिश्रा की अचानक मौत हमारे कालेज के लिए एक अपूरणीय छति है । लेकिन विधि के विधान को कौन टाल सकता है। सारा महाविद्यालय परिवार उनके असामयिक निधन पर शोक संतप्त और स्तब्ध है। महाविद्यालय के प्रबंधक सुशील कुमार सिंह एवं प्राचार्य डॉoहरेराम सिंह ने उनके परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि संकट की इस घड़ी में हम सभी उनके साथ खड़े हैं। सभी प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने भी उनके परिवार के प्रति भावपूर्ण शोक संवेदना व्यक्त की है। सभी ने कहा है कि ईश्वर इस पहाड़ जैसे दुख को सहन करने की उनके परिवार को ताकत दे,इस संकट की घड़ी में संपूर्ण महाविद्यालय परिवार उनके परिवार के साथ खड़ा है। इस मौके पर महाविद्यालय का समस्त स्टाप मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *